कवर्धा: वनांचल के दुर्गम गांवों में पहुंचे सांसद संतोष पांडेय; प्रधानमंत्री जनमन कार्यों का लिया जायजा, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
कुश्यारी, महीडबरा, बदना, घोघरा, कौवानार और ताईतिरनी जैसे उन सुदूर वनांचल गांवों तक पहुंचे, जहाँ आजादी के बाद से अब तक कोई भी सांसद नहीं पहुँचा था। ग्रामीणों ने सांसद का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सांसद ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
प्रवक्ता.कॉम
19 जुलाई 2026
कवर्धा: क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने पंडरिया ब्लॉक अंतर्गत वनांचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया। सांसद को अपने बीच पाकर वनांचल के ग्रामीण बेहद उत्साहित दिखे।
विकास कार्यों का निरीक्षण और गृहप्रवेश
सांसद पांडेय ने ग्राम बकेला, देवसरा, ख़ाम्ही, सेमरहा, कुई, दमगढ़, नेउर, कुश्यारी, महीडबरा, घोघरा, बदना, कौवानार, ताईतिरनी और कुकदूर सहित कई गांवों का भ्रमण किया।
गृहप्रवेश: ग्राम बकेला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवनिर्मित आवास में हितग्राहियों को गृहप्रवेश कराया।

निर्माण कार्यों का जायजा: ग्राम ख़ाम्ही में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र और निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ईंट जोड़ाई कर निर्माण कार्य में हाथ भी बटाया।
सड़क निर्माण: दमगढ़ से लुढ़ुटोला तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
वनांचल में पहली बार पहुंचे सांसद
सांसद संतोष पांडेय का यह दौरा इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि वे कुश्यारी, महीडबरा, बदना, घोघरा, कौवानार और ताईतिरनी जैसे उन सुदूर वनांचल गांवों तक पहुंचे, जहाँ आजादी के बाद से अब तक कोई भी सांसद नहीं पहुँचा था। ग्रामीणों ने सांसद का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सांसद ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
”अंतिम छोर तक विकास का संकल्प”
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद पांडेय ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार वनांचल के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार प्रधानमंत्री जनमन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, चरण पादुका योजना और वन अधिकार अधिनियम जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम छोर तक विकास पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।”
दौरे के दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू, जिला पंचायत सभापति दीपा धुर्वे, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।






