छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की कोरबा बैठक: VSK ऐप की खामियां दूर करने और बैगलेस डे बहाल करने की उठी मांग

कोरबा प्रवक्ता .कॉम
कोरबा, 22 जुलाई:
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला कोरबा की आवश्यक बैठक बुधवार को जिला संयोजक जगदीश प्रसाद खरे की अध्यक्षता में अंधरीकछार स्थित फेडरेशन कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों और शिक्षकों की लंबित मांगों, सेवा समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रमुखता से आवाज उठाई गई।
बैठक में प्रमुख रूप से उठी मांगें एवं मुद्दे
VSK ऐप की तकनीकी खामियां: विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) मोबाइल ऐप के जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में आ रही तकनीकी अड़चनों पर गहरी चिंता जताई गई। फेडरेशन ने मांग की कि शिक्षकों को हो रही मानसिक और प्रशासनिक परेशानी को दूर करने के लिए ऐप की त्रुटियों को तुरंत सुधारा जाए।
सेवानिवृत्ति स्वत्वों का भुगतान: विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके सभी देय स्वत्वों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई।
पदोन्नति और समयमान वेतनमान:
प्राथमिक शाला प्रधान पाठकों की पदोन्नति डीपार्टमेंट की समय-सारिणी के अनुसार पूरी करने तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नतियां शीघ्र करने पर जोर दिया गया। साथ ही, समयमान वेतनमान की त्रुटिपूर्ण सूची से वंचित रहे कर्मचारियों के नाम पुनः लोक शिक्षण संचालनालय भेजने की मांग की गई।
बैगलेस डे और स्कूल समय में बदलाव:
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास (खेल, कला, सांस्कृतिक गतिविधियां) के लिए पूर्व की तरह शनिवार को ‘बैगलेस डे’ की व्यवस्था फिर से लागू करने की मांग उठी। इसके साथ ही, जिले के प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का संचालन पूर्ववत प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक करने का सुझाव दिया गया।
अन्य प्रशासनिक मांगें:
जिला व विभागीय स्तर पर परामर्शदात्री समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की परीक्षा संबंधी प्रविष्टियां नियमानुसार सेवा पुस्तिका में दर्ज कराने की मांग की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बैठक के बाद फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं फेडरेशन के संरक्षक तामेश्वर उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। डीईओ ने अपने अधिकार क्षेत्र के विषयों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा देते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की सहमति दी है।
इस बैठक में जिला संयोजक जगदीश प्रसाद खरे, महासचिव ओमप्रकाश बघेल, पी.पी.एस. राठौर, आर.के. पाण्डेय, समित साहू, नरेंद्र नाथ श्रीवास, रामकपूर कुर्रे, कृति लहरे, प्रकाश खाकसे, तरुण वैष्णव, शंकर पैकरा, और एस.के. गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।





