विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन: 20 अगस्त की ग्राम सभाओं में होंगे कार्यों के अनुमोदन

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 17अगस्त 26
विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी – जीरामजी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आगामी 20 अगस्त को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास कार्यों का अनुमोदन किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करना है।
ग्राम सभा क्यों महत्वपूर्ण
वित्तीय निवेश और बजट: चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी – जीरामजी के माध्यम से राज्य को लगभग 6 हजार 855 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे, जो ग्रामीण विकास के लिए अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय निवेश है। वर्ष 2026-27 के लिए 5,591.42 करोड़ रुपए का प्रस्तावित बजट रखा गया है।
मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान: ग्रामीण विकास को गति देने के लिए 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों में मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय और शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
318 प्रकार के अनुमेय कार्य: इस योजना के तहत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है:
जल संरक्षण एवं जल संवर्धन (107 कार्य)
ग्रामीण अधोसंरचना (90 कार्य)
आजीविका संवर्धन (86 कार्य)
जलवायु अनुकूलन एवं आपदा प्रबंधन (35 कार्य)
विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी): 2 अक्टूबर 2026 से स्थानीय समुदाय की अनुशंसाओं के आधार पर वीजीपीपी तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए 20 अगस्त की ग्राम सभा में ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
ग्राम सभा की भूमिका: स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की मांग के आधार पर कार्यों का चयन कर उन्हें ग्राम सभा से अनुमोदित कराया जाएगा, ताकि बजट का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।





