मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण: कबीरधाम के दो शिक्षक ‘शिक्षादूत’ और ‘ज्ञानदीप’ पुरस्कार से सम्मानित

कबीरधाम प्रवक्ता. कॉम 05 सितम्बर 2026
जिला मुख्यालय कवर्धा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना 2026’ के तहत कबीरधाम जिले के दो उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य के प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला-कबीरधाम ने गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए सम्मानित शिक्षकों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
इन्हें मिला सम्मान:

शिक्षादूत पुरस्कार 2026: छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ (कबीरधाम) के सह-सचिव एवं विकासखण्ड सहसपुर लोहारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक कपिदास मानिकपुरी को शिक्षादूत पुरस्कार से नवाजा गया।
ज्ञानदीप पुरस्कार 2026: संघ के जिला संगठन मंत्री एवं विकासखण्ड कवर्धा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला (धमकी) में कार्यरत शिक्षक श्री दिनेश ठाकुर को ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त हुआ।
शिक्षकों का सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव: जिलाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ (जिला कबीरधाम) के जिलाध्यक्ष रामशरण चंद्रवंशी ने दोनों शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि, “शिक्षकों का यह सम्मान कबीरधाम जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है। यह उपलब्धि न केवल उनके उत्कृष्ट कार्यों का प्रतिफल है, बल्कि जिले के समस्त शिक्षक समुदाय को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।”
कार्यक्रम के दौरान संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने भी दोनों सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा विद्यार्थियों के निर्माण में निरंतर उत्कृष्ट योगदान की कामना की।





