Breaking NewsEducationछत्तीसगढ़समीक्षा बैठक

रायपुर: शिक्षा मंत्री की समीक्षा बैठक आज; VSK ऐप से उपस्थिति, गणवेश और पुस्तक वितरण रहेंगे मुख्य एजेंडा

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 23 जून 2026

Join WhatsApp

प्रदेश के माननीय शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आज (23 जून 2026) दोपहर 3 बजे शिक्षा विभाग की एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेने जा रहे हैं। इस बैठक में संभागीय संयुक्त संचालक (JD) और जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के साथ सीधा संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत और विभागीय प्राथमिकताओं की समीक्षा की जाएगी।

​इस उच्च स्तरीय बैठक के लिए मुख्य रूप से तीन बड़े एजेंडे तय किए गए हैं, जिन्हें लेकर विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।

​बैठक के मुख्य एजेंडे:

शिक्षकों एवं अधिकारियों की उपस्थिति: बैठक में शिक्षकों की उपस्थिति ‘VSK ऐप’ (Vidya Samiksha Kendra App) के माध्यम से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही, जिला एवं ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति के लिए ‘बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम’ को प्रभावी रूप से लागू करने का मुद्दा एजेंडे में शीर्ष पर है।

गणवेश वितरण: नए शैक्षणिक सत्र में स्कूली बच्चों को यूनिफॉर्म (गणवेश) वितरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

बुक स्कैनिंग: स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता और उनकी ट्रैकिंग के लिए बुक स्कैनिंग के कार्य की प्रगति जांची जाएगी।

ई अटेंडेंस पर अड़ा विभाग तकनीकी समस्याएं अभी भी दूर नहीं हुए

​ शिक्षा विभाग में ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ (VSK) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक तरफ विभाग इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने पर अड़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षक संगठन इसकी तकनीकी व्यावहारिक खामियों को लेकर सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक मोर्चा खोले हुए हैं।

​शिक्षकों का आरोप है कि ऐप में गलत लोकेशन मैपिंग की भारी समस्या है, जिसके कारण स्कूल परिसर में मौजूद रहने पर भी कई बार उपस्थिति दर्ज नहीं होती। सबसे अजीबोगरीब स्थिति यह बन गई है कि यदि कोई शिक्षक एक बार स्कूल में एंट्री (Check-in) करने के बाद लंच या किसी जरूरी काम से परिसर से बाहर कदम रखता है, तो ऐप की ट्रैकिंग प्रणाली उसे ‘बीच से गायब’ (Absconding) मान लेती है।

​शिक्षकों के तीव्र विरोध के बीच प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 22 जून को प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल शिक्षकों के मुकाबले ऑनलाइन उपस्थिति (Present %) की स्थिति इस प्रकार रही:

बेमेतरा टॉप पर, राजधानी रायपुर तीसरे स्थान पर

​प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, 22 जून 2026 को प्रदेश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन बेमेतरा जिले का रहा, जहाँ कुल 5,065 शिक्षकों में से 4,990 शिक्षक ऐप पर पंजीकृत हैं और यहाँ सर्वाधिक 84% उपस्थिति दर्ज की गई।

​इस सूची में दूसरे स्थान पर जांजगीर-चांपा जिला रहा, जहाँ 83% शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं, प्रदेश की राजधानी और सबसे बड़े प्रशासनिक केंद्रों में से एक रायपुर जिला 83% उपस्थिति के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। रायपुर में कुल 8,432 शिक्षक हैं, जिनमें से 8,048 शिक्षक ऐप पर एक्टिव हैं।

​सुदूर और वनांचल जिलों में स्थिति चिंताजनक

​विश्लेषण के अनुसार, भौगोलिक रूप से कठिन और वनांचल क्षेत्रों में वीएसके (VSK) ऐप पर शिक्षकों की उपस्थिति का ग्राफ काफी गिरा है। सूची में सबसे निचली कतार में बस्तर संभाग के जिले हैं:

बीजापुर और जशपुर: इन दोनों जिलों में 22 जून को सबसे कम 61% उपस्थिति दर्ज की गई।

बस्तर और सरगुजा संभाग: बस्तर जिले में 63और सरगुजा संभाग के सूरजपुर में 64% तथा कोरिया में केवल 64% उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button