शिक्षा विभाग में हड़कंप: VSK ऐप पर हाज़री शून्य मिलने पर 128 शिक्षकों का वेतन रुका, सूची में मृत और स्थानांतरित शिक्षकों के नाम से मचा बवंडर
23 दिनों की ऑनलाइन रिपोर्ट के आधार पर DEO की सख्त कार्रवाई; बिना जमीनी पड़ताल के फरमान जारी करने से शिक्षक संघों में गहरा आक्रोश
कबीरधाम, प्रवक्ता .कॉम 25 सितंबर 2026
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय कबीरधाम ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न कराने वाले शिक्षकों और अधिकारियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप के माध्यम से हाजिरी दर्ज न करने पर जिले के 128 शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। हालांकि, विभाग द्वारा जारी सूची में तकनीकी खामियों और मृत व स्थानांतरित शिक्षकों के नाम शामिल होने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई विवादों में घिर गई है।
क्या है पूरा मामला?
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के आदेश (क्र. एम.आई.एस./एन-123/2026/452, दिनांक 14.07.2026) के तहत शासकीय शालाओं और कार्यालयों में पदस्थ सभी कर्मचारियों को वी.एस.के. (VSK) ऐप से ऑनलाइन हाज़िरी लगाना अनिवार्य किया गया था।



जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा दिनांक 01 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक (कुल 23 कार्यदिवस) की ऑनलाइन अटेंडेंस मैट्रिक्स रिपोर्ट निकाली गई। इस जांच में 128 ऐसे शिक्षक/कर्मचारी पाए गए जिनकी 23 दिनों की अवधि में उपस्थिति शून्य (’00’) दर्ज थी।
आदेश क्रमांक 6930/स्था.02/वेतन आहरण/2026 (दिनांक 24.09.2026) जारी करते हुए DEO कबीरधाम ने इन सभी 128 कर्मचारियों का सितंबर माह का वेतन आगामी आदेश तक रोकने का निर्देश जारी कर दिया।

मृत शिक्षकों का नाम भी सूची में शामिल, विभाग की फजीहत
प्रशासनिक स्तर पर जल्दबाजी में की गई इस कार्रवाई में गंभीर लापरवाही सामने आई है। सूची में ऐसे शिक्षकों के नाम भी शामिल कर दिए गए हैं, जिनका पूर्व में निधन हो चुका है या जिनका स्थानांतरण महीनों पहले अन्य जिलों या ब्लॉकों में हो चुका है।
इस सूची मे विकासखंड -सहसपुर लोहारा से
1. सोहन श्रीवास्तव
2.श्रीमती संध्या यादव
3.सुश्री नीता साहू
4.श्रीमती राजश्री चंदेल
5 श्यामाचरण देवांगन
5 मृत शिक्षको के नाम भी है , जो विभागीय लापरवाही को दर्शाता है
शिक्षकों ने सवाल उठाया है कि “जो शिक्षक इस दुनिया में ही नहीं हैं या जिनका स्थानांतरण हो चुका है, वे VSK ऐप पर ऑनलाइन हाजिरी कैसे लगा सकते हैं?” बिना फील्ड वेरिफिकेशन के इस तरह का एकतरफा तुगलकी फरमान जारी करने से विभाग की भारी फजीहत हो रही है।
सर्वर डाउन और नेटवर्क समस्या बनी मुसीबत
शिक्षक संघों का कहना है कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहद खराब रहती है। इसके अलावा, VSK ऐप का सर्वर अक्सर डाउन रहता है, जिससे शालाओं में भौतिक रूप से उपस्थित रहने के बावजूद शिक्षकों की उपस्थिति मार्क नहीं हो पाती। शिक्षकों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी ड्यूटी दे रहे हैं, लेकिन ऐप की तकनीकी खामी की सजा उन्हें वेतन रोककर दी जा रही है।
कलेक्टर और उच्चाधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस कार्रवाई की प्रतिलिपि संचालक लोक शिक्षण संचालनालय (रायपुर), संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग (दुर्ग), कलेक्टर कबीरधाम सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और आहरण-संवितरण अधिकारियों (DDO) को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
शिक्षक संगठनों ने दी चेतावनी
शिक्षक संघों ने चेतावनी दी है कि यदि तकनीकी त्रुटियों को सुधारकर रोके गए वेतन को शीघ्र बहाल नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।






