नगरीय प्रशासन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले, 100 अधिकारी-कर्मचारी इधर से उधर; 3 निलंबित सीएमओ बहाल

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 31 अक्टूबर 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने त्वरित कार्यप्रणाली और प्रशासनिक कसावट के उद्देश्य से प्रदेश भर में पदस्थ 100 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के तहत 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और 24 अभियंताओं की पदस्थापना में बदलाव किया गया है। इसके अतिरिक्त 5 लेखापाल, 4 स्वास्थ्य निरीक्षक, 4 भृत्य, 3 कैशियर, 3 सहायक ग्रेड-3, तथा 1-1 स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक को नवीन पदस्थापना स्थल पर स्थानांतरित किया गया है।
विभाग की कार्रवाई: जांच जारी, निलंबन से बहाली
तबादला सूची के साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग ने तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों—विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान—को निलंबन से बहाल कर दिया है। बहाली के पश्चात विकास पाटले को नगर पालिका दल्ली राजहरा, विष्णु प्रसाद यादव को नगर पंचायत वाड्रफनगर और जफर खान को नगर पंचायत बिलाईगढ़ में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इन तीनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच पूर्ववत जारी रहेगी। इनके निलंबन अवधि का अंतिम निराकरण प्रचलित विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर पृथक से किया जाएगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों की सूची





