छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल परीक्षाओं में गड़बड़ी और वसूली के आरोप, संदिग्ध केंद्रों को समाप्त कर सघन निरीक्षण की उठी मांग
रायपुर /दुर्ग/राजनांदगांव/प्रवक्ता डॉट कॉम/25 नवम्बर
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की परीक्षाओं में अनियमितता, नकल और अवैध वसूली की खबरों के बीच प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों में सघन निरीक्षण की मांग तेज हो गई है। खैरागढ़, राजनांदगांव और दुर्ग सहित राज्य के कई जिलों के परीक्षा केंद्रों पर नकल कराने और विशेष सुविधा देने के नाम पर परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
2,000 रुपये वसूली और अलग सीटिंग अरेंजमेंट का आरोप नाम न छापने की शर्त पर कई छात्रों ने बताया कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रति परीक्षार्थी 2,000 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। आरोप है कि जो छात्र यह राशि दे रहे हैं, उनके लिए परीक्षा केंद्रों में अलग से बैठने (सीटिंग अरेंजमेंट) की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें परीक्षा के दौरान अनुचित लाभ मिल सके। इस तरह की गड़बड़ियों से मेहनत करने वाले सामान्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उड़नदस्ता सक्रिय करने और सख्त कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों ने शिक्षा विभाग और राज्य ओपन स्कूल प्रशासन से मांग की है कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग सहित पूरे प्रदेश के संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) टीमों को सक्रिय किया जाए। साथ ही, औचक निरीक्षण कर दोषी केंद्राध्यक्षों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।
दागी और संदिग्ध केंद्रों को समाप्त करने की उठी आवाज मामले को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और जागरूक नागरिकों का मानना है कि केवल निरीक्षण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिन स्कूलों और परीक्षा केंद्रों के खिलाफ पहले से शिकायतें मिल रही हैं या जिनकी भूमिका संदिग्ध है, वहां से परीक्षा केंद्र की मान्यता या व्यवस्था ही समाप्त कर दी जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि संवेदनशील और दागी केंद्रों को खत्म किए बिना परीक्षा व्यवस्था की शुचिता बनाए रखना मुश्किल है।






