काम की खबरछत्तीसगढ़रायपुरवरिष्ठता सूची

सहायक शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी, 5 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर का निर्देश: धरसींवा, अभनपुर, आरंग और तिल्दा ब्लॉक के BEO को सूची भेजी गई – 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में तैयार की गई है सूची; बिना सत्यापन सीधे आवेदन स्वीकार नहीं होंगे

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 24 सितम्बर 2056

Join WhatsApp

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय, रायपुर द्वारा जिला स्तर पर कार्यरत सहायक शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित अनंतिम ‘अ’ वरिष्ठता सूची का औपचारिक प्रकाशन कर दिया गया है। यह सूची दिनांक 01 अप्रैल 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की गई है। इसमें सामान्य सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक (एल.बी.) तथा सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) – सीधी भर्ती 2019 ‘ई’ एवं ‘टी’ संवर्ग के शिक्षक शामिल हैं।

​कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक/स्था.03/वरि. सूची/2026/13660) के अनुसार, यह सूची रायपुर जिले के चारों प्रमुख विकासखंडों—धरसींवा, अभनपुर, आरंग और तिल्दा के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को भेज दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी BEO अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इस वरिष्ठता सूची का अनिवार्य रूप से अवलोकन कराएं।

​5 अक्टूबर तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति

​

यदि किसी कर्मचारी को वरिष्ठता सूची में अपने नाम, स्थिति, जन्मतिथि, योग्यता या संवर्ग से संबंधित कोई आपत्ति, त्रुटि या संशोधन दिखता है, अथवा किसी मृत/सेवानिवृत्त कर्मचारी का नाम हटाने/छुटे हुए कर्मचारी का नाम जोड़ने की आवश्यकता है, तो वे 05 अक्टूबर 2026 तक अपना सप्रमाण अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

​सीधे BEO/संस्था प्रमुख के माध्यम से ही स्वीकार होंगे आवेदन

​विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कर्मचारी अपना आवेदन सीधे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा नहीं कर सकता। सभी अभ्यावेदन संबंधित शाला के प्रधान पाठक/प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ही सेवा पुस्तिका से सत्यापन के पश्चात हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में भेजे जाने होंगे।

​मुख्य दिशानिर्देश एवं नियम:

TET एवं शैक्षणिक योग्यता:

वरिष्ठता सूची में प्राथमिक व माध्यमिक टी.ई.टी. (TET) उत्तीर्ण वर्ष तथा हायर सेकेण्डरी, स्नातक (सभी विषयों के विवरण सहित) एवं स्नातकोत्तर की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य है।

व्यापम भर्ती 2019:

व्यापम 2019 के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों के नाम जोड़ने हेतु अभ्यावेदन के साथ नियुक्ति आदेश की प्रति तथा व्यापम की ऑल ओवर रैंक (All Over Rank) संलग्न करना अनिवार्य होगा।

प्रतिनियुक्ति नियम:

रायपुर जिले के जो कर्मचारी अन्य जिलों में प्रतिनियुक्ति पर हैं, उनकी वरिष्ठता इसी कार्यालय द्वारा जारी होगी। हालांकि, स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में अन्य जिलों से प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों की जानकारी इसमें शामिल नहीं की जाएगी।

पदोनत्ति व स्थानांतरण:

प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला) या शिक्षक पद पर पदोन्नत हो चुके कर्मचारियों के नाम हटाने तथा युक्तीकरण/स्थानांतरण के पश्चात नवीन शाला में कार्यभार ग्रहण के अनुसार जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button