छत्तीसगढ़ के ‘मुनगा’ की राष्ट्रीय पहचान– पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में की अभियान की तारीफ मंत्री ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुनी मन की बात
हर घर मुनगा' अभियान को राष्ट्रीय मंच पर मिली सराहना, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जताया आभार
रायपुर (27 सितंबर 2026): छत्तीसगढ़ में कुपोषण के खिलाफ जनभागीदारी से चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की गूंज अब पूरे देश में सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की इस अभिनव पहल का विशेष रूप से उल्लेख किया और स्थानीय संसाधनों से पोषण स्तर सुधारने के इस प्रयास की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 12 सितंबर को शुरू किए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर घर तक मुनगा (सहजन) का पौधा पहुंचाना और लोगों को इसके पोषण गुणों के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान में विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सुना कार्यक्रम

प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने दिल्ली एयरपोर्ट पर ‘मन की बात’ का श्रवण किया। प्रधानमंत्री द्वारा अभियान की तारीफ किए जाने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा, “पीएम मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के इस प्रयास का उल्लेख करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इससे हमारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वसहायता समूहों और माताओं का उत्साह बढ़ेगा।”
पोषक तत्वों का खजाना है मुनगा
मुनगा (सहजन) छत्तीसगढ़ का एक सहज और सुलभ पौधा है। इसकी पत्तियों और फलियों में भरपूर मात्रा में आयरन, कैल्शियम और विटामिन्स पाए जाते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से परिवारों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे मुनगा की पत्तियों को साग या स्थानीय व्यंजनों में और फलियों को दाल व सब्जियों में शामिल कर अपनी दैनिक थाली को संतुलित और पौष्टिक बनाएं।
पोषण माह के तहत चल रहे इस अभियान ने पौधरोपण, पोषण शिक्षा और सामुदायिक भागीदारी को एक सूत्र में पिरोकर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को एक नया रूप दिया है।






