छत्तीसगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन पर चला सघन निरीक्षण अभियान

रायपुर/बिलासपुर राजनादगांव/धमतरी
प्रवक्ता.कॉम 10 अगस्त 2026
राज्य में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में एक विशेष सघन निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत औषधि प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, क्रय-विक्रय अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर और कूरियर परिवहन के नियमों की बारीकी से जाँच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्ती, नमूना संकलन और लाइसेंस निलंबन जैसी सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
विभिन्न जिलों में की गई प्रमुख कार्रवाईयाँ
बिलासपुर (तखतपुर):

ग्राम खमरिया में बिना वैध लाइसेंस के औषधियों के भंडारण की सूचना पर छापा मारकर 36 प्रकार की दवाइयाँ जब्त की गईं और नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए; साथ ही वहाँ ब्लड डोनेशन कैंप और ब्लड सेंटर का निरीक्षण किया गया।
जशपुर:
माँ भगवती मेडिकल स्टोर में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और स्पष्टीकरण के बाद उसकी औषधि विक्रय अनुज्ञप्ति 15 दिनों के लिए निलंबित कर दी गई।
कोरबा:

औषधि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण कर एंटीबायोटिक और प्रतिबंधित/नियंत्रित दवाओं के स्टॉक व क्रय-विक्रय अभिलेखों का मिलान किया।
सारंगढ़: 6 औषधि प्रतिष्ठानों की जाँच में 3 जगहों पर अनियमितता मिलने पर अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई। संचालकों को बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के नियंत्रित दवाइयाँ न बेचने और परिसरों में CCTV कैमरे लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बलौदाबाजार (दामाखेड़ा):
निलंबित लाइसेंस वाले एक मेडिकल स्टोर को बंद करवाकर औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई तथा आसपास के प्रतिष्ठानों से 2 औषधि नमूने संकलित किए गए।
कूरियर और ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी कड़ा पहरा
बिलासपुर में अभियान के दौरान e-Cart के गोदाम का निरीक्षण किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन या कूरियर के माध्यम से होने वाले औषधियों के परिवहन में भी वैध स्रोत, बिल, चालान और परमिट होना अनिवार्य है। ट्रांसपोर्टर्स और कूरियर सेवा प्रदाताओं के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध दस्तावेजों के किसी भी संदिग्ध या अनधिकृत दवा का परिवहन न किया जाए।
जागरूकता अभियान और विद्यार्थियों को सीख
निरीक्षण के साथ-साथ जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है:
धमतरी:
केमिस्ट एसोसिएशन और विभाग द्वारा संयुक्त रूप से केमिस्टों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने और नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई, जिस पर सभी ने नशामुक्ति में सहयोग का संकल्प लिया।
राजनांदगांव:
शासकीय विद्यालय हडुवा में विद्यार्थियों को नशीली दवाओं के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए तंबाकू उत्पादों के नियंत्रण संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।





