सिंगापुर प्रवास का पहला दिन: मुख्यमंत्री साय ने ‘गार्डन्स बाय द बे’ के अधिकारियों से की चर्चा, SBF के डिनर में उद्योग जगत को दिया छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता

प्रवक्ता. कॉम 04 अक्टूबर 2026
रायपुर / सिंगापुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा नामांकित यह प्रतिनिधिमंडल ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहा है। प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री ने पर्यावरण, ईको-टूरिज्म और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लिया।
नवा रायपुर में सिंगापुर की तर्ज पर विकसित होगा बॉटनिकल गार्डन
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में संस्थान के जनरल मैनेजर (मास्टर प्लानिंग) जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग उपस्थित रहे।
चर्चा के दौरान गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव विविधता और वनों को ध्यान में रखते हुए इस अनुभव का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास तथा प्रदेश में शहरी-ग्रामीण हरियाली के विस्तार के लिए किया जाएगा। इससे राज्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
’विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान
शाम को मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित ‘लीडरशिप डिनर’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर के वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष छत्तीसगढ़ की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत किए गए सुधारात्मक कदमों और एमएसएमई (MSME) व मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के व्यवसायियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने का खुला निमंत्रण दिया।
वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी (IHCL) जैसी वैश्विक कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आगे के कार्यक्रम
5 अक्टूबर
SING फोरम 2026 के मुख्य सत्रों में सहभागिता।
6 अक्टूबर
सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों (CEOs) के साथ ‘सीईओ राउंडटेबल’ बैठक, जिसमें निवेश और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी पर अंतिम चर्चा होगी।





