Breaking News

सीएम हेल्पलाइन की 2 लाख शिकायतों का होगा भौतिक सत्यापन, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी: मुख्य सचिव

रायपुर/प्रवक्ता डॉट काम/13 अक्टूबर 2026

Join WhatsApp

छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय उच्चाधिकारियों की बैठक में उन्होंने साफ कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समस्याओं का भौतिक सत्यापन कराकर जवाबदेही के साथ वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। राज्य में अब तक सीएम हेल्पलाइन के जरिए लगभग दो लाख शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में धान खरीदी नीति, डिजिटल क्रॉप सर्वे और जल जीवन मिशन समेत कई अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

धान खरीदी नीति और जल जीवन मिशन पर मंथन : बैठक में आगामी खरीफ सीजन के लिए धान खरीदी नीति तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

• जल जीवन मिशन: मिशन के शेष बचे बिंदुओं को समय पर पूरा करने और जल उपयोगिता से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

• अमृत 2.0 और पारस पोर्टल: आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को बिना किसी देरी के आगे बढ़ाने के लिए पारस पोर्टल के एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई।

• डिजिटल क्रॉप सर्वे: राज्य में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सरकारी भर्तियों के प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश : युवाओं के रोजगार और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देशित किया है:

• कर्मचारी चयन मंडल: सभी विभाग अपनी रिक्तियों और भर्ती की आवश्यकताओं का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर समय पर प्रस्ताव कर्मचारी चयन मंडल को भेजें।

• लोक सेवा गारंटी: बैठक में सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे से बाहर रह गईं पुरानी सेवाओं (प्रेडिसेसर सर्विसेज) को भी इसके अंतर्गत शामिल करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।नवा रायपुर में बनेगा भव्य बॉटनिकल गार्डनबैठक में राजधानी के पर्यावरण और पर्यटन विकास को लेकर महत्वपूर्ण कार्ययोजना पर चर्चा हुई:

• बॉटनिकल गार्डन: नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन को आधुनिक तकनीकों, बेहतरीन लैंडस्केपिंग और पर्यटकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ सुनियोजित ढंग से विकसित किया जाएगा।

• जंगल सफारी: नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी के प्रबंधन, संचालन और वहां उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, राहुल भगत व मुकेश कुमार सहित गृह, वित्त, खाद्य, कृषि, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग जैसे सभी प्रमुख विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button