Policy newsTop Newsछत्तीसगढ़भारत की जनगणना 2027

सरगुजा संभाग में ‘डिजिटल जनगणना 2027’ के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज: संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने ली चार्ज अधिकारियों की जिला स्तरीय बैठक

​रायपुर / अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर 2026 — शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों के प्रभावी निर्माण एवं क्रियान्वयन में जनगणना के आंकड़ों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर ही विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करने तथा विकास की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलती है। इसीलिए जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना अनिवार्य है।

Join WhatsApp

​यह बात सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शनिवार को अम्बिकापुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित ‘डिजिटल जनगणना 2027’ के द्वितीय चरण के जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही।

​आंकड़ों की शुद्धता और सटीकता पर विशेष जोर

​डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना कार्य की तैयारियों को लेकर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त श्री दुग्गा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और परिवार की जानकारी का सही एवं सटीक संकलन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि कोई भी व्यक्ति अथवा घर गणना से छूटने न पाए।

​उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े शासन को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार तथा अधोसंरचना विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योजनाएं तैयार करने और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सीधे मदद पहुंचाते हैं।

​मास्टर ट्रेनर्स से शंकाओं के समाधान के निर्देश

​संभागायुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का गहराई से अध्ययन करने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर काम करते समय किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक कठिनाई न आए, इसके लिए प्रशिक्षण के दौरान ही मास्टर ट्रेनर्स से सभी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर लें। संभागायुक्त ने प्रथम चरण में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि द्वितीय चरण को भी इसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।

​आम नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील

​श्री दुग्गा ने आम नागरिकों से भी जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी संकलित करेंगे। अतः नागरिक प्रगणकों को अपने परिवार से संबंधित सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहे।

​पीपीटी के माध्यम से दिया गया डिजिटल प्रशिक्षण

​प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना निदेशालय, नवा रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने की पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

​इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, एसडीएम अम्बिकापुर श्री बनसिंह नेताम, एसडीएम उदयपुर श्री रामराज सिंह, एसडीएम सीतापुर सुश्री प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिंसी तम्बोली व सुश्री सुष्मिता टोंड्रे सहित संभाग के समस्त संबंधित अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button