OTS-2 योजना से घर खरीदने का शानदार मौका: अब तक 62.5% संपत्तियां बिकीं मार्च 2027 तक मिलेगा 10 से 30 प्रतिशत छूट का लाभ; रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में चलेंगे ‘आवास रथ’

प्रवक्ता.कॉम 24 अक्टूबर 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों को किफायती दरों पर आवास और व्यावसायिक परिसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की ‘वन टाइम सेटलमेंट योजना-2’ (OTS-2) को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में संचालित इस योजना के तहत अब तक कुल 62.5 प्रतिशत संपत्तियों की बिक्री पूरी हो चुकी है। मंडल द्वारा अब तक 251.71 करोड़ रुपये मूल्य की 1,659 संपत्तियां बेची जा चुकी हैं।
पूर्ववर्ती योजना के मुकाबले बिक्री में भारी उछाल
पूर्व में सितंबर 2021 से मार्च 2024 तक संचालित पहली OTS योजना की तुलना में OTS-2 का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है। पहली योजना के दौरान 511 करोड़ रुपये मूल्य की 2,591 संपत्तियों में से महज 88.28 करोड़ रुपये की 506 संपत्तियां (17.27%) ही बिक सकी थीं। वहीं, वर्तमान OTS-2 योजना में 62.5 प्रतिशत विक्रय दर दर्ज की गई है, जो मंडल की पारदर्शी और जनहितैषी नीतियों के सकारात्मक परिणाम को दर्शाती है।
मंत्रिपरिषद के फैसले से मिली गति
उल्लेखनीय है कि 19 जनवरी 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में पांच वर्ष से अधिक समय से अविक्रित पड़ी संपत्तियों के निपटान के लिए लागत मूल्य (बेस रेट) पर छूट देने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत 1 मार्च 2025 से OTS-2 योजना लागू की गई। योजना में संपत्तियों के रिक्त रहने की अवधि और उपलब्धता के आधार पर 10, 20 और 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जा रही है।
मंडल आयुक्त ने दिए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
मंडल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष बची 997 संपत्तियों (मूल्य 134.40 करोड़ रुपये) के विक्रय में तेजी लाई जाए। साथ ही, आवासीय परिसरों में लिफ्ट, भवनों की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदारों का विश्वास बढ़े।
ग्राहकों की सुविधा के लिए चलेंगे ‘आवास रथ’
आयुक्त ने रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में ‘आवास रथ’ शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके माध्यम से इच्छुक खरीदारों को विभिन्न परियोजनाओं में उपलब्ध संपत्तियों की जानकारी देने के साथ-साथ साइट पर ले जाकर प्रत्यक्ष अवलोकन (साइट विजिट) कराया जाएगा।
मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि OTS-2 योजना के तहत विशेष छूट का लाभ केवल मार्च 2027 तक ही उपलब्ध रहेगा। रियायती दरों पर अपना घर या व्यावसायिक परिसर खरीदने के इच्छुक नागरिक मंडल के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

