कर्नाटक के बेलगावी में RSS की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुरू, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और शाखा विस्तार पर होगी चर्चा

प्रवक्ता.कॉम 10 जुलाई 2026
बेलगावी (कर्नाटक):
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक आज सुबह कर्नाटक के बेलगावी में शुरू हो गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के शीर्ष नेतृत्व सहित देश भर के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी और माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी मुख्य रूप से उपस्थित हैं। इनके साथ ही सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख, सह प्रमुख, कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्र प्रचारक और सह क्षेत्र प्रचारक भी बैठक में मौजूद हैं। इसके अलावा, देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक और संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी इस बैठक में सम्मिलित हुए हैं।
बैठक के मुख्य एजेंडे और विषय
इस तीन दिवसीय बैठक के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर विस्तार से समीक्षा और चर्चा की जाएगी:
प्रशिक्षण वर्गों का वृत्तांत: मार्च 2026 के बाद से संघ के विभिन्न स्तरों पर संपन्न हुए प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की जाएगी।
कार्ययोजना का क्रियान्वयन: शाखाओं के स्तर पर संघ की कार्ययोजना को जमीनी स्तर पर लागू करने को लेकर रणनीति बनेगी।
शाखा विस्तार योजना: संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त हुए शाखा कार्य विस्तार की समीक्षा की जाएगी और आगामी समय में अधिकतम शाखा विस्तार की योजना पर विचार-विमर्श होगा
सरसंघचालक जी का प्रवास: पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी की वर्ष 2026-27 के लिए प्रवास योजना तय की जाएगी।
20 अक्टूबर तक चलेंगे शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के तहत अब तक संपन्न हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही, इस ऐतिहासिक वर्ष के जो कार्यक्रम शेष रह गए हैं, उनकी आगामी रूपरेखा भी तय की जाएगी। संघ के शताब्दी वर्ष के ये शेष कार्यक्रम आगामी विजयादशमी यानी 20 अक्टूबर 2026 तक निरंतर चलेंगे।





