बुंदेलखंड के गुमनाम नेत्रहीन भजन गायक सुनील बने देश के नए सुपरस्टार, एक गाने ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म को कराया हाउसफुल
फिल्म 'हनुमान अंश' में सुनील की आवाज में गाया भजन— "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डाल दी" रिलीज हुआ। शुरुआत में यह फिल्म सिनेमाघरों में खास कमाल नहीं दिखा पा रही थी और थिएटर्स खाली पड़े थे। लेकिन जैसे ही सुनील का यह भजन लोगों की जुबान पर चढ़ा, फिल्म का नक्शा ही बदल गया।
मुंबई/बुंदेलखंड:
प्रवक्ता कॉम
विजय सिंह ठाकुर
संघर्ष और प्रतिभा जब एक साथ मिलते हैं, तो किस्मत बदलते देर नहीं लगती। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है बुंदेलखंड के एक साधारण और नेत्रहीन गायक सुनील ने। कल तक जो लड़का केवल अपने गांव और स्थानीय मंदिरों तक सीमित था, आज उसकी आवाज पूरे देश के दिलों पर राज कर रही है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के एक गाने ने सुनील को रातों-रात देश का नया सिंगिंग स्टार बना दिया है।
गांव के मंदिर से मुंबई के स्टूडियो तक का सफर

सुनील देख नहीं सकते और न ही उनके पास संगीत में आगे बढ़ने के लिए कोई बड़ा सहारा या गॉडफादर था। परिवार की माली हालत भी ठीक नहीं थी। सुनील बस हाथ में तंबूरा लेकर गांव के मंदिरों और सत्संगों में भजन गाया करते थे। इसी रियाज ने उनकी आवाज को तराशने का काम किया।
एक दिन सुनील ने अपने मोबाइल फोन से एक भजन रिकॉर्ड करके इंटरनेट पर डाला। वह भजन देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। जब यह आवाज एक प्रमुख फिल्ममेकर के कानों तक पहुंची, तो वे सुनील को ढूंढते हुए उनके गांव आ पहुंचे। इसके बाद सुनील को मुंबई के हाई-टेक स्टूडियो में लाकर गाने का मौका दिया गया।
एक गाने से बदली फ्लॉप होती फिल्म की किस्मत
भजन के सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने के बाद सिनेमाघरों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और फ्लॉप होने की कगार पर खड़ी फिल्म आज हाउसफुल चल रही है।
हर जगह गूंज रही है सुनील की आवाज
वर्तमान में यह गाना हर मंदिर, गाड़ियों और लोगों के मोबाइल फोन में दिन-रात बज रहा है। एक साधारण से तंबूरे के साथ भजन गाने वाले सुनील आज देश के करोड़ों संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।






