प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भव्य शुरुआत, दीयों की रोशनी से जगमगाया भारत का नक्शा

कबीरधाम प्रवक्ता. कॉम 17 सितम्बर 2026
सोनपुरी रानी
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनपुरी रानी में आज दिनांक 17 सितंबर 2026, दिन गुरुवार को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत भारत माता के विशाल नक्शे पर दीप प्रज्वलित कर अभियान की आधिकारिक शुरुआत की गई। दीप मंत्रों के उच्चारण के साथ पूरा प्रांगण दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में महाकलश की स्थापना की गई और विद्यार्थियों व शिक्षकों द्वारा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश हित और समाज हित के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में पूरा परिसर ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इस आयोजन में शाला विकास समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ग्राम सरपंच, सचिव, विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिकायें और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।





