छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित, गरियाबंद में स्कूलों की छुट्टी और परीक्षाएं स्थगित
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का कहर: गरियाबंद में स्कूल बंद और तिमाही परीक्षा स्थगित, रायपुर समेत अन्य जिलों में भी राहत की मांग

रायपुर/ गरियाबंद
प्रवक्ता.कॉम 25 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में कल से ही रुक-रुक कर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलभराव और मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से छोटे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
गरियाबंद जिले में स्कूलों में अवकाश, तिमाही परीक्षा स्थगित

बारिश के गंभीर हालातों को ध्यान में रखते हुए गरियाबंद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, गरियाबंद द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक/4837/जि.शि.अ./स्था./परीक्षा शाखा/2026-27) के अनुसार, जिले में हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण छात्रहित को देखते हुए 25 सितंबर 2026 को होने वाली तिमाही परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
इसके साथ ही गरियाबंद जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय (निजी) एवं अनुदान प्राप्त शालाओं में 25 सितंबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शेष दिनों की त्रैमासिक परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार यथावत रहेगी।
अन्य जिलों में भी सतर्कता की मांग
रायपुर और राज्य के अन्य जिलों में भी बारिश की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। बारिश के कारण छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानियों को देखते हुए अन्य जिलों के अभिभावक भी गरियाबंद की तर्ज पर स्थानीय प्रशासन और जिला कलेक्टरों से राहत भरे कदम उठाने तथा अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं।





