सहायक शिक्षक भर्ती: दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन पुनः शुरू, 6 दिसंबर को होगी परीक्षा
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा प्रकरण क्रमांक WPS NO. 6783 of 2026 में दिनांक 09.10.2026 को दिए गए निर्देशानुसार अब दिव्यांगता की श्रेणियों में दृष्टिबाधित (B-Blind), मूक-बधिर (D-Deaf) तथा सेरेब्रल पाल्सी (CP- Cerebral Palsy) को भी शामिल किया गया है।
रायपुर (विशेष संवाददाता)
प्रवक्ता.कॉम 14 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB), रायपुर ने लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत सहायक शिक्षक (LSAT26) के पदों पर भर्ती के लिए दिव्यांगजनों हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करने की घोषणा की है। माननीय उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ बिलासपुर के आदेश के परिपालन में यह निर्णय लिया गया है।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा प्रकरण क्रमांक WPS NO. 6783 of 2026 में दिनांक 09.10.2026 को दिए गए निर्देशानुसार अब दिव्यांगता की श्रेणियों में दृष्टिबाधित (B-Blind), मूक-बधिर (D-Deaf) तथा सेरेब्रल पाल्सी (CP- Cerebral Palsy) को भी शामिल किया गया है।
महत्वपूर्ण तिथियां एवं जानकारी
- आवेदन की प्रारंभिक तिथि: 15 अक्टूबर 2026 (गुरुवार)
- आवेदन की अंतिम तिथि: 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार, सायंकाल 5:00 बजे तक)
- त्रुटि सुधार की अवधि: 31 अक्टूबर 2026 से 02 नवंबर 2026 (सायंकाल 5:00 बजे तक)
- परीक्षा केंद्र: प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में
- परीक्षा की तिथि: 06 दिसंबर 2026 (रविवार)
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पूर्व में आवेदन की तिथि 24 जुलाई 2026 से 21 अगस्त 2026 तक निर्धारित थी। अब पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in तथा cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और नियत तिथि तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
मंडल के परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए सहायक शिक्षक भर्ती लिखित परीक्षा (LSAT26) का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।






