Breaking News
Trending

अमर शहीदों को नमन, शहीद परिवारों का सम्मान; बस्तर में शांति और विकास की नई तस्वीर — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, प्रवक्ता डॉट कॉम, 21 अक्टूबर 2026

Join WhatsApp

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अमर शहीद जवानों को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया तथा शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत :मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों की शौर्यगाथा को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जवान कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं।

उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों का सामना करते हुए शहीद हुए 10 पुलिस जवानों के बलिदान का स्मरण किया। उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों का त्याग, धैर्य और साहस भी अतुलनीय है। राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

नक्सलवाद के विरुद्ध जवानों ने रचा शौर्य का इतिहास मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और कठिन परिस्थितियों में जवानों ने साहस और पराक्रम का परिचय दिया। अनेक जवानों का बलिदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।

बस्तर में विकास की पहुंच, दूरस्थ गांवों तक पहुंच रहीं सुविधाएं : मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय का वातावरण था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो रहा है।

उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता के बाद शांति को स्थायी बनाना और विकास की गति तेज करना सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस बल के आधुनिकीकरण, बेहतर प्रशिक्षण और जवानों के परिवारों के कल्याण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विजय शर्मा ने शहीद परिवारों के प्रति जताई संवेदना : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और जनसेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का त्याग सदैव याद रखा जाएगा।उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के दौरान नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस के अनेक जवानों ने वीरगति प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जवानों के साहस और समर्पण के साथ उनके परिवारों का त्याग भी पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।

नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए: डीजीपीपुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा के विरुद्ध अभियान में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के सामूहिक प्रयासों से महत्वपूर्ण सफलता मिली है।उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।डीजीपी ने शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से कानून के शासन, जनसुरक्षा, शांति और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।

शहीद वाटिका में अमर जवान स्तंभ पर अर्पित किए श्रद्धासुमन : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवानों के नामों की पट्टिका पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी तथा शहीद जवानों के परिजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button