700 शिक्षकों के ट्रांसफर पूरे: 108 शेष शिक्षकों के आदेश जारी, शिक्षा सचिवालय ने साफ की स्थिति- अब नहीं आएगी नई सूची
शिक्षकों के ट्रांसफर की दूसरी सूची जारी: 108 और शिक्षकों के आदेश हुए पारदर्शी नीति की उठी मांग

रायपुर प्रवक्ता. कॉम 10 अगस्त 2026
शिक्षकों के तबादलों को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच शिक्षा विभाग ने शेष बचे 108 शिक्षकों की ट्रांसफर सूची भी जारी कर दी है। इससे पहले विभाग ने 122 पन्नों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें 592 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इस प्रकार मुख्यमंत्री समन्वय से अनुमोदित कुल 700 शिक्षकों के ट्रांसफर के आदेश अब पूरी तरह से जारी कर दिए गए हैं।


शिक्षा सचिवालय से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, फिलहाल अब शिक्षकों की कोई नई ट्रांसफर सूची जारी नहीं की जाएगी।
ट्रांसफर के दबाव और जनप्रतिनिधियों की सिफारिशों का असर


सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न माध्यमों और जनप्रतिनिधियों के जरिए शिक्षकों ने अपने ट्रांसफर के लिए लगातार आग्रह किया था, जिसके चलते सरकार और विभाग पर कार्रवाई का भारी दबाव था। इसी दबाव और प्रशासनिक स्तर पर हुई पहल के कारण इन ट्रांसफर आदेशों को जारी करने की स्थिति बनी।
शिक्षकों के संगठनों ने जताई असहमति, पारदर्शी नीति की मांग
इस तरह से हो रहे ट्रांसफर को लेकर प्रदेश के लगभग सभी शिक्षक संगठनों ने अपनी असहमति जताई है। संगठनों का कहना है कि बार-बार इस प्रकार के मनमाने या टुकड़ों में ट्रांसफर होने के बजाय सरकार को एक स्थाई और पारदर्शी ट्रांसफर पॉलिसी (स्थानांतरण नीति) का निर्माण करना चाहिए, ताकि सभी शिक्षकों को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया का लाभ मिल सके।





