तीज के रंग में रंगा रायपुर प्रेस क्लब: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों संग किया रैंप वॉक, भावना बोहरा व लक्ष्मी वर्मा भी हुईं शामिल
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी शिरकत की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं।

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 7 अगस्त 2026
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित महिला पत्रकारों का तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाने के साथ सिर पर पल्लू रखकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी शिरकत की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने रैंप पर अपनी प्रस्तुति देकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं।
आयोजन की खास बातें
रैंप वॉक: महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी और आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी।

खेल व मनोरंजन: आयोजन के दौरान कई मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें महिला पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सम्मान और रिटर्न गिफ्ट: कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। कठिन पत्रकारिता के बीच ऐसे आयोजन महिला पत्रकारों को आपसी संवाद और उल्लास का अवसर प्रदान करते हैं। राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने भी समाज निर्माण में महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए तीज की बधाई दी।
इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार एवं प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।





