विभागाध्यक्ष कार्यालय में 9वें वर्ष आयोजित गणेशोत्सव में 26 सितंबर को होगा हवन-पूजन
29 सितंबर को दोपहर 1 बजे से बटेगा चार पकवानों का महाप्रसाद; अतिथियों को दिए जाएंगे पौधे। इंद्रावती भवन के सामने 1000 अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए विशाल महाभंडारा
रायपुर प्रवक्ता.कॉम 25 सितम्बर 2026
अटल नगर
इंद्रावती भवन के सामने स्थित विभागाध्यक्ष कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुख, शांति, समृद्धि और मंगल कामना के उद्देश्य से 9वें वार्षिक गणेशोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। परिसंचरण क्षेत्र एवं आसपास की नकारात्मक ऊर्जा के निवारण हेतु पंडित मनेंद्र दुबे जी के आचार्यत्व में गत 14 सितंबर 2026 को विधि-विधान से भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी।
आयोजन समिति ने जानकारी दी है कि गणेश उत्सव की श्रृंखला में आगामी 26 सितंबर 2026 को शाम 4:00 बजे विशेष हवन, पूजन-पाठ एवं महाआरती संपन्न होगी।

29 सितंबर को महाभंडारा एवं महाप्रसाद वितरण
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लगभग 1,000 अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भव्य महाभंडारे का आयोजन 29 सितंबर 2026 (दिन मंगलवार) को किया गया है। महाभंडारे का प्रसाद दोपहर 1:00 बजे से वितरित किया जाएगा। प्रसाद के रूप में चार प्रमुख व्यंजन—पूरी, छोले, पुलाव एवं स्वादिष्ट लड्डू वितरित किए जाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश एवं विसर्जन
धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधे भेंट किए जाएंगे। महाभंडारे के उपरांत उसी दिन शाम 6:00 बजे श्री गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होगा।
विभागाध्यक्ष कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी समिति ने समस्त परिजनों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियत समय पर उपस्थित होकर महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।






