छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए iGOT पोर्टल पर 2 ऑनलाइन कोर्स अनिवार्य, 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश

प्रवक्ता.कॉम नवा रायपुर
14 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी कर राज्य के सभी संवर्गों (राजपत्रित और अराजपत्रित) के शासकीय सेवकों के लिए मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत ‘आई गॉट’ (iGOT) पोर्टल पर उपलब्ध दो पाठ्यक्रमों को पूरा करना अनिवार्य कर दिया है। कर्मचारियों को ये पाठ्यक्रम 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने होंगे।
तनाव प्रबंधन और योग निद्रा पर केंद्रित हैं पाठ्यक्रम
शासकीय सेवकों की मानसिक दक्षता और तनावमुक्ति को ध्यान में रखते हुए अक्टूबर माह के लिए दो विशेष पाठ्यक्रमों का चयन किया गया है:
कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन
ध्यानाभ्यास एवं योग निद्रा के माध्यम से तनाव प्रबंधन
राज्य की रैंकिंग से सीधा जुड़ाव
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, यह कदम राज्य की iGOT कर्मयोगी परफॉर्मेंस और राष्ट्रीय रैंकिंग को सुदृढ़ करने की दृष्टि से बेहद अहम है। सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ अमले द्वारा इन दोनों कोर्सों की शत-प्रतिशत पूर्णता सुनिश्चित कराएं।
3 नवंबर तक मांगी गई प्रगति रिपोर्ट
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का कोर्स लंबित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को कोर्स कंप्लीशन स्टेटस की समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट 03 नवंबर 2026 तक सामान्य प्रशासन विभाग को ई-मेल (DS-igotkarmayogi@cg.gov.in) के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव द्वारा अनुमोदित यह आदेश उप सचिव पुलक कुमार भट्टाचार्य द्वारा जारी किया गया है।





