छत्तीसगढ़: VSK ऐप में उपस्थिति डेटा प्रविष्टि में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर वेतन रुका
संचालनालय ने इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता करार दिया है. यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत सीधा कदाचार माना गया है.

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 16 नवंबर 2026
नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रशासनिक कार्यों और पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने वाले शिक्षा अधिकारियों पर कड़ा शिकंजा कसा है. वीएसके (VSK) एप में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी गूगल शीट में समय पर दर्ज नहीं करने वाले राज्य के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों (DEOs) का नवंबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है. इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.


निर्देशों की अवहेलना
संचालनालय द्वारा पूर्व में पत्र जारी कर समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया था कि वे अपने जिलों में VSK एप में उपस्थिति दर्ज न करने वाले कर्मचारियों तथा ऐसी शालाएं जहाँ एक भी कर्मचारी द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई है, से संबंधित डेटा गूगल शीट में अनिवार्य रूप से प्रविष्ट करें.
स्मरण पत्रों के बाद भी नहीं हुआ काम
इस संबंध में अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान बार-बार स्मरण पत्र (रिमाइंडर) जारी किए गए, इसके बावजूद कई जिलों के शिक्षा अधिकारियों द्वारा निर्धारित समयावधि में यह कार्य पूरा नहीं किया गया.
नियमों के विरुद्ध कदाचार
संचालनालय ने इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता करार दिया है. यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत सीधा कदाचार माना गया है.
वेतन रोकने की कार्रवाई की चपेट में आने वाले 19 जिले:
कार्रवाई के तहत निम्नलिखित 19 जिलों के शिक्षा अधिकारियों का नवंबर 2026 का वेतन रोका गया है:
- जिला नारायणपुर
- जिला सरगुजा
- जिला कोण्डागांव
- जिला गरियाबंद
- जिला जांजगीर-चांपा
- जिला बलरामपुर-रामानुजगंज
- जिला सूरजपुर
- जिला धमतरी
- जिला कोरबा
- जिला दुर्ग
- जिला कबीरधाम
- जिला बस्तर
- जिला मुंगेली
- जिला सुकमा
- जिला बालोद
- जिला दन्तेवाड़ा
- जिला रायपुर
- जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
- जिला कोरिया





