बिस्किट-दूध में मिलावट पर FSSAI सख्त: तीन कंपनियों पर कार्रवाई को मंजूरी, रिलायंस-ब्लिंकिट-ज़ोमैटो पर FIR और शिशु आहार में चीनी पर रोक का प्रस्ताव
दिल्ली
प्रवक्ता,कॉम 18 अक्टूबर 2026
दिवाली और त्योहारों के मौसम में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा नियामक (FSSAI) और राज्य प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। बिस्किट, दूध और किशमिश जैसे दैनिक उपयोग के खाद्य पदार्थों में गंभीर कमियां पाए जाने पर कई बड़ी कंपनियों और कारोबारियों पर नकेल कसी जा रही है।
क्या है पूरा मामला
खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामले में सूर्या फूड एंड एग्रो, डोडला डेयरी और उएर ऑर्गेनिक फूड्स के खिलाफ अभियोजन (कानूनी कार्रवाई) शुरू करने की मंजूरी दे दी है।
FSSAI ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए तीनों कंपनियों के खिलाफ इस कार्रवाई की जानकारी दी।
सूर्या फूड एंड एग्रो
कंपनी के यहां ‘प्रियागोल्ड बिस्किट’ बनाने में पशु चारे के लिए इस्तेमाल होने वाला चोकर मिला था। निरीक्षण के दौरान सफाई, कीट नियंत्रण, कच्चे माल के भंडारण और कर्मचारियों की स्वच्छता में भी गंभीर खामियां पाई गईं। कंपनी का लाइसेंस पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
डोडला डेयरी
फुल क्रीम दूध की जांच के दौरान डिटर्जेंट या कास्टिक सोडा की मौजूदगी और वसा (फैट) की मात्रा तय सीमा से कम पाई गई।
उएर ऑर्गेनिक फूड्स
पीली किशमिश में कीटनाशक (पेस्टिसाइड) के अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए।
इसके अलावा, FSSAI ने शा कांतिलाल एंड जयंतीलाल को नोटिस जारी कर कारोबारी गतिविधियों और लाइसेंस प्राप्त परिसर बंद होने पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही सन रिंजेज हेल्थ केयर्स और नरपधाम फूड्स को भी भंडारण व साफ-सफाई नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए हैं।
खराब खाने के आरोप पर Reliance, Blinkit और Zomato हाइपरप्योर से जुड़े अधिकारियों पर FIR
महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई के बाद पुलिस ने रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के निदेशक समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। मामला एक्सपायरी, खराब और ग्राहकों की ओर से लौटाए गए खाद्य पदार्थों की कथित हेराफेरी और दोबारा बिक्री से जुड़ा है।
ठाणे और पुणे जिलों में 14 और 15 अक्टूबर को की गई छापेमारी में ₹48.09 लाख का खाद्य स्टॉक जब्त किया गया।
FIR में रिलायंस रिटेल, ब्लिंकिट (Blinkit) और जोमैटो हाइपरप्योर (Zomato Hyperpure) से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी भी नामजद किए गए हैं। FDA की शुरुआती जांच के अनुसार, नष्ट किए जाने वाले खराब खाद्य पदार्थों को निपटान एजेंसियों और अवैध छंटाई केंद्रों के जरिए वापस सप्लायरों तक पहुंचाया जा रहा था।
शिशु आहार में चीनी पर रोक का प्रस्ताव
पोषण की सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
FSSAI ने 6 महीने तक के शिशुओं के लिए बनाए जाने वाले खाद्य उत्पादों में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर पूरी तरह रोक लगाने का प्रस्ताव दिया है।
इस कदम का मुख्य उद्देश्य कम उम्र में बच्चों को अतिरिक्त चीनी के संपर्क से बचाना और उनके पोषण की सुरक्षा को मजबूत करना है। खाद्य नियामक ने इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक (शिशु पोषण आहार) नियम, 2020 में संशोधन का मसौदा जारी किया है।






