
विशेष संवाददाता
कबीरधाम, 13 अक्टूबर 2026
पंडरिया विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोलमी में पदस्थ व्याख्याता मोहम्मद फिरोज खान पर स्कूली छात्राओं को ‘लव जिहाद’ के जाल में फंसाने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामवासियों व हिंदू संगठनों के उग्र विरोध और चक्काजाम के बीच प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए संबंधित व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कबीरधाम में संलग्न कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पोलमी के सरपंच, उपसरपंच, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा समस्त ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री से व्याख्याता फिरोज खान के विरुद्ध स्कूली छात्राओं को बहला-फुसलाकर फंसाने की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 6 अक्टूबर को ही जांच दल का गठन किया गया था, जिसकी जांच वर्तमान में प्रक्रियाधीन है।

इसी बीच, शिकायत का शीघ्र निराकरण न होने से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कवर्धा ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन प्रदर्शन व चक्काजाम की चेतावनी दी थी। मंगलवार को बजरंग दल द्वारा पोलमी में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।
क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने आदेश जारी कर व्याख्याता मोहम्मद फिरोज खान को आगामी आदेश तक डीईओ कार्यालय कबीरधाम में संलग्न कर दिया है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर कबीरधाम और संबंधित अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।





