15 जुलाई को शिक्षक फेडरेशन के आंदोलन को ‘जागरूक शिक्षक संघ’ का मिला खुला समर्थन, सरकार के खिलाफ हुंकार

रायपुर प्रवक्ता.कॉम 14 जुलाई 2026
रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों का आंदोलन अब और भी व्यापक रूप लेता दिखाई दे रहा है। आगामी 15 जुलाई को राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को ‘छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ’ ने अपना पूर्ण और खुला समर्थन देने का ऐलान किया है।
संघ के प्रांताध्यक्ष जाकेश साहू ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “अऊ नई सहिबो…. अब हड़ताल/आंदोलन करके रहीबो।”
प्रमुख मांगे और विरोध के बिंदु
जाकेश साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू, सचिव राजेंद्र लाडेकर और कमलेश भारती सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरा है:
वेतन विसंगति और क्रमोन्नति: सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर करने और समस्त शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए क्रमोन्नति व पेंशन का लाभ दिया जाए।
टीईटी (TET) की अनिवार्यता का विरोध: संघ ने टीईटी की अनिवार्यता को प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध बताया है। पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि 20-25 वर्षों की सफल सेवा दे चुके अनुभवी शिक्षकों से पुनः परीक्षा लिया जाना तार्किक नहीं है। सरकार इस निर्णय को तत्काल वापस ले और केंद्र सरकार कानून में आवश्यक संशोधन करे।
वीएसके (VSK) एप की अव्यवहारिकता: राज्य में कई ऐसे स्कूल हैं जहाँ नेटवर्क की भारी समस्या है, जिससे वीएसके एप सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। इसे तत्काल बंद करने की मांग की गई है।
- अत्यधिक ऑनलाइन कार्य: शिक्षकों पर मोबाइल के जरिए 26 से अधिक एप्स का बोझ लादा गया है, जिससे वे मानसिक प्रताड़ना महसूस कर रहे हैं।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
शिक्षक संघ ने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत शिक्षकों व कर्मचारियों से कई बड़े वादे किए थे। प्रदेश में भाजपा सरकार के ढाई साल पूरे होने के बावजूद अब तक किसी भी महत्वपूर्ण मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, उल्टा शिक्षकों पर नए-नए नियम थोपे जा रहे हैं।
प्रदेश भर के शिक्षकों से अपील
छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश पदाधिकारियों की लंबी सूची—जिसमें भोजराम साहू, गायत्री मंडलोई, महेश्वर कोटपरिहा, हरिशंकर पटेल, नरेंद्र तिवारी, केशव पटेल, रोहित कुमार पटेल, अमर दास बंजारे, रामसेवक पैकरा सहित दर्जनों पदाधिकारी शामिल हैं—ने प्रदेश के समस्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों से 15 जुलाई के रायपुर आंदोलन में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।





