रायपुर में ‘सेवा संकल्प’: 2000 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान, कलेक्टर-विधायक समेत 31 ने लिया देहदान का संकल्प; ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हुआ आयोजन
बूढ़ातालाब इनडोर स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर: 2000 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान, 31 ने लिया देहदान का संकल्प; 'गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दर्ज हुआ आयोजन

रायपुर: प्रवक्ता. कॉम 23 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की दूसरी कड़ी के तहत राजधानी रायपुर स्थित बूढ़ातालाब इनडोर स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर और आयुर्वेद सेवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में 2000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिसमें 1000 से अधिक महिलाएं शामिल रहीं। इसके अलावा, समाज को नई दिशा देने के उद्देश्य से 31 लोगों ने मरणोपरांत देहदान करने का संकल्प भी लिया। इस अभूतपूर्व आयोजन को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज करते हुए आयोजकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री व मंत्रियों की उपस्थिति में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और धरसीवां विधायक अनुज शर्मा सहित प्रशासनिक अमला एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर यह सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने देहदान और रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह निश्चित रूप से किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में काम आएगा। मुख्यमंत्री ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी।
मुख्य मंत्री ने इस आयोजन के संबंध में एक्स पर पोस्ट कर लिखा
विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने लिया देहदान का संकल्प

समाज के लिए मिसाल पेश करते हुए धरसीवां विधायक अनुज शर्मा, रायपुर के कलेक्टर गौरव कुमार सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी सुनीता सिंह, तथा सीआरपीएफ के आईजी (IG) सहित कुल 31 लोगों ने देहदान करने का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान खिलौना, पुस्तक एवं स्टेशनरी संग्रह (कलेक्शन) का भी एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला।

1000 से अधिक माताओं ने सामूहिक रूप से किया रक्तदान

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बेहद गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार बस्तर से लेकर सरगुजा तक हुआ है। विश्व में संभवतः पहली बार 1000 से अधिक माताओं और बहनों ने एक साथ सामूहिक रूप से रक्तदान कर एक नया इतिहास रचा है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे राज्य की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर में 100 बिस्तरों वाला योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल निर्माणाधीन है, साथ ही 6 नए पाली आयुष क्लिनिक स्थापित किए गए हैं। प्रदेश में ‘ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा’ (AIIA) की स्थापना के लिए भी केंद्र सरकार से वार्ता जारी है।
शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा का सराहनीय योगदान

इस पूरे सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में शिक्षा विभाग तथा समग्र शिक्षा रायपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राज्य सरकार और जिला कलेक्टर गौरव सिंह के प्रोत्साहन से प्रेरित होकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसमें रायपुर समग्र शिक्षा के शहरी समन्वयक नरेंद्र सिंह ठाकुर तथा कार्यालय की गार्गी पाण्डेय सहित रीता मंडल,अंकिता तिवारी,सचि शर्मा,बरखा शर्मा,जान्हवी यदु,प्रिया जोशी,विजिया शर्मा,निर्मला पांडेय ने रक्तदान कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

रक्तदाताओं ने दिया जागरूकता का संदेश
शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं ने आम जनता को रक्तदान के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। 18वीं बार रक्तदान कर रहीं एक महिला रक्तदाता ने बताया कि रक्तदान से शरीर स्वस्थ रहता है, हीमोग्लोबिन नियंत्रित रहता है और किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि पुरुषों को हर 3 महीने और महिलाओं को हर 4 महीने के अंतराल में रक्तदान अवश्य करना चाहिए।





