छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग का कड़ा निर्देश: अब ‘VSK ऐप’ की उपस्थिति के आधार पर ही मिलेगा शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन बीईओ और डीडीओ को निर्देश जारी
संबंध में संयुक्त सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
नवा रायपुर प्रवक्ता.कॉम 06.11.26
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर एक महत्वपूर्ण और सख्त आदेश जारी किया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अब कर्मचारियों को वेतन का भुगतान ‘VSK ऐप’ (VSK App) में दर्ज उनकी उपस्थिति के आधार पर ही किया जाएगा।
इस संबंध में संयुक्त सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
HRMIS पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है डैशबोर्ड

आदेश में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में संचालनालयीन पत्र (दिनांक 27.06.2026) के माध्यम से VSK ऐप की उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसी क्रम में, सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के HRMIS (Leave Management System) पोर्टल की लॉग-इन आईडी में उनके अंतर्गत कार्यरत समस्त कर्मचारियों की उपस्थिति देखने के लिए एक विशेष डैशबोर्ड तैयार कर उपलब्ध करा दिया गया है।
अनियमितता मिलने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अधीनस्थ शालाओं के कर्मचारियों का ई-बिल जनरेट करते समय VSK ऐप की उपस्थिति को ही आधार बनाया जाए। यदि वेतन भुगतान के लिए गणना किए गए दिनों की संख्या और VSK ऐप में दर्ज उपस्थिति के दिनों की संख्या में बिना किसी ठोस व युक्तियुक्त कारण के अंतर पाया जाता है, तो संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए राज्य के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), कलेक्टरों, संभागीय संयुक्त संचालकों और समग्र शिक्षा के आयुक्त को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतियां भेजी गई हैं।






