रविंद्र राठौर और विकास राजपूत के नेतृत्व में संयुक्त मोर्चा प्रतिनिधिमंडल ने SCERT एवं स्कूल शिक्षा सचिव से की मुलाकात
शिक्षकों के लिए अच्छी खबर बातचीत तो शुरू हुई, परिणाम भी निकलेगा
रायपुर प्रवक्ता कॉम 19 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के सेवारत शिक्षकों के शैक्षणिक उन्नयन, प्रशासनिक सुधार और विभिन्न लंबित सेवा मामलों को लेकर संयुक्त मोर्चा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के संचालक तथा स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री कमलप्रीत सिंह (IAS) से मुलाकात की।
यह प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष रविंद्र राठौर एवं नवीन शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष विकास सिंह राजपूत की अगुवाई में पहुंचा था।
SCERT में इन प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा
अंकसूची का सरलीकरण: बैठक में 6 पन्नों के लंबे-चौड़े अंकपत्र को संक्षिप्त कर केवल एक स्पष्ट अंकसूची का रूप देने की प्रमुख मांग उठाई गई। इस पर अधिकारियों ने इसे शीघ्र सरल करने का आश्वासन दिया।
ब्रिज कोर्स और दूरस्थ शिक्षा:
एनसीटीई (NCTE) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप B.Ed. धारक प्राथमिक शिक्षकों के लिए राज्य स्तर पर 6 माह का प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही, शासकीय व निजी विश्वविद्यालयों के माध्यम से दूरस्थ शिक्षा से प्रशिक्षण देने का सुझाव दिया गया।
विभागीय TET परीक्षा:
सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए विभागीय शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित करने हेतु SCERT द्वारा एनसीईआरटी एवं राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग की गई।
शिक्षा सचिव के साथ वेतन विसंगति और सेवा मामलों पर चर्चा
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री कमलप्रीत सिंह से भेंट कर शिक्षकों की वेतन विसंगति निवारण तथा टीईटी से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की। सचिव महोदय ने मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। अन्य राज्यों के संबंध में पूरे तथ्यों की जानकारी दी गई, और जल्द ही शिक्षा मंत्री की बैठक में इस समस्या के समाधान का आश्वासन मिला।
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
इस उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष रविंद्र राठौर, नवीन शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष विकास सिंह राजपूत, तथा सर्व शिक्षक संघ से प्रदीप पांडे, राजू टंडन, शेषनाथ पांडे, कौशल अवस्थी, पीतांबर बंजारे, हरीश गोपाल, गिरीश साहू सहित संयुक्त मोर्चा के अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





