रायपुर कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक कांड: परीक्षा रद्द , मंत्री रामविचार नेताम ने दिखाई सख्ती , तत्काल FIR और जांच के निर्देश , मचे बवाल पर क्या है ताजा अपडेट
पेपर लीक की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री नेताम ने दिखाई सख्ती, तत्काल FIR और जांच के निर्देश
पेपर लीक की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री नेताम ने दिखाई सख्ती, तत्काल FIR और जांच के निर्देश
रायपुर: प्रवक्ता.कॉम 21, अगस्त ,2026
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) रायपुर में परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्नपत्र लीक होने का बड़ा मामला सामने आया है। बीएससी एग्रीकल्चर सेकंड ईयर के एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) विषय का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद प्रशासन को परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द करनी पड़ी। इस घटना के सामने आने के बाद से शैक्षणिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
कैसे हुआ सनसनीखेज खुलासा?
उल्लेखनीय है कि बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की आज आयोजित होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र के लीक होने की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्राप्त हुई थी। सुबह 8:50 बजे कवर्धा से प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10:30 बजे परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया।
मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 5 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हुआ क्या था ?
सूत्रों के मुताबिक, आज सुबह निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही छात्रों के मोबाइलों और विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर कीट विज्ञान (एंटोमोलॉजी) का प्रश्नपत्र पहुंच गया था। जब छात्र परीक्षा केंद्र पहुंचे और उन्हें जो पर्चा मिला, वह वायरल हो रहे प्रश्नपत्र से हूबहू मिल खा रहा था। परीक्षा हॉल में पर्चा आउट होने की पुष्टि होते ही विद्यार्थियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रश्नपत्र लीक होने का पर्दाफाश करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
छात्रों के भारी विरोध और अनुशासनहीनता के दबाव के बीच कृषि विश्व विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत कदम उठाए ।
परीक्षा तत्काल निरस्त:
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एंटोमोलॉजी विषय की आज की परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब यह परीक्षा आगामी सितंबर माह में दोबारा आयोजित की जाएगी।
उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन:
इस पूरे लीक कांड के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी तह तक जाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया है।
एफ.आई.आर. (FIR) दर्ज: प्रवक्ता कॉम की खबर के मुताबिक, इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है ताकि दोषियों को बख्शा न जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद से कृषि विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, और जिम्मेदार अधिकारियों तथा मंत्रियों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।


