R.S.S. NEWSछत्तीसगढ़रायगढ़
Trending

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का “संघ शिक्षा वर्ग – तरुण व्यवसायी” प्रारंभ

उद्घाटन अवसर पर मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक माननीय डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, वर्गाधिकारी श्री संजय पांडेय एवं प्रांत संघचालक माननीय टोपलाल वर्मा ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

रायगढ़ प्रवक्ता.कॉम 20 मई 2026

Join WhatsApp

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित “संघ शिक्षा वर्ग – तरुण व्यवसायी” का शुभारंभ छत्तीसगढ़ प्रांत के रायगढ़ स्थित वैदिक इंटरनेशनल स्कूल परिसर में विधिवत रूप से संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग दिनांक 16 मई 2026 से 1 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रांत के 34 जिलों से आए 107 शिक्षार्थी सहभागिता कर रहे हैं। वर्ग में प्रशिक्षण हेतु 30 अनुभवी शिक्षक उपस्थित हैं।

वर्ग के उद्घाटन अवसर पर मध्य क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक माननीय डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, वर्गाधिकारी श्री संजय पांडेय एवं प्रांत संघचालक माननीय टोपलाल वर्मा ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए माननीय क्षेत्र संघचालक जी ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमा नहीं, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही एक महान सांस्कृतिक चेतना है। आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित चार मठों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर के बद्रीनाथ का जल दक्षिण के रामेश्वरम् में अर्पित किया जाना भारत की सांस्कृतिक एकात्मता का जीवंत प्रतीक है। भाषा, प्रांत, पंथ एवं विविधताओं के बीच एकात्म भाव ही भारत की शक्ति है।

उन्होंने कहा कि जब-जब समाज जाति, भाषा एवं क्षेत्रीय आधारों पर विभाजित हुआ, तब-तब राष्ट्र ने संकटों का सामना किया। इसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संगठित, संस्कारित एवं आत्मविश्वास से परिपूर्ण समाज निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। संघ शिक्षा वर्ग उसी उद्देश्य की कार्यशाला है, जहाँ स्वयंसेवक शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक दृष्टि से स्वयं को राष्ट्रकार्य हेतु तैयार करते हैं।

वर्ग में प्रतिदिन योग, व्यायाम, दंड, समता, गीत, बौद्धिक चर्चा, समूह चिंतन एवं विविध प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित किए जा रहे हैं। तपती गर्मी के बीच शिक्षार्थियों का उत्साह एवं समर्पण विशेष प्रेरणादायी दिखाई दे रहा है।

इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी में संघ के शताब्दी वर्ष के विविध कार्यक्रमों तथा “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी जानकारी प्रदर्शित की गई है।

यह प्रशिक्षण वर्ग 1 जून 2026 तक चलेगा। वर्ग पूर्ण कर शिक्षार्थी अपने-अपने क्षेत्रों में समाज जीवन के विविध आयामों में राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक कार्यों को गति देने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button