छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण सिंह देव की कार दुर्घटनाग्रस्त, उत्तर प्रदेश के ललितपुर में हुआ हादसा आज ही गुरूपूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन पूजन में हुए थे शामिल

रायपुर/ललितपुर: उत्तरप्रदेश दिनांक 29 जुलाई 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव (Kiran Singh Deo) एक सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालबेहट क्षेत्र के पास हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के दतिया (माँ पीताम्बरा पीठ) एवं बागेश्वर धाम से दर्शन कर अपनी इनोवा कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के टेकरी गांव के पास उनकी कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक और नेता घायल, परिवार सुरक्षित
इस सड़क हादसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनके वाहन के चालक (गौतम कुमार) को चोटें आई हैं।
हादसे के वक्त कार में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही तालबेहट थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तालबेहट पहुँचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा पार्टी कार्यकर्ता तुरंत अस्पताल पहुँचे और उनकी स्थिति की जानकारी ली। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
आज गुरुपूर्णिमा के अवसर पर उन्होंने बागेश्वर धाम में पूजन अर्चन के उपरांत उन्होंने खुद ही सोशल मीडिया में तस्वीरें साझा की हैं

गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः।
गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥
जय श्री बालाजी।🙏🚩
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर परिवार सहित बागेश्वर धाम में श्री बालाजी हनुमान जी महाराज एवं संन्यासी बाबा के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

इस शुभ अवसर पर पूज्य गुरुदेव, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही गुरु पूर्णिमा महोत्सव में आयोजित पावन पादुका पूजन में सम्मिलित होकर गुरु कृपा के दिव्य अनुभव का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।
पूरे महोत्सव में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, भक्ति एवं गुरुचरणों के प्रति समर्पण ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। गुरु का सान्निध्य और उनका आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति तथा सच्चा सौभाग्य है।
जय श्री बालाजी 🙏
जय बागेश्वर धाम 🚩🙏
बागेश्वर धाम सरकार




