कबीरधाम डीईओ पर मंत्री और डीपीआई के निर्देश का अब हुआ असर एसडीएम बीईओ सहित अन्य कार्यालयों में जमे शिक्षकों को स्कूल लौटने का जारी किया निर्देश
यदि कोई कर्मचारी या शिक्षक इन प्रणालियों के माध्यम से अपनी हाजिरी दर्ज नहीं करता है, तो उसकी उपस्थिति शून्य (Zero) मानी जाएगी और उनका वेतन आहरित नहीं किया जाएगा
रायपुर/ कबीरधाम प्रवक्ता.कॉम 08 जुलाई 2026
कबीरधाम। स्कूल शिक्षा विभाग में मूल पदस्थापना को छोड़कर दूसरे कार्यालयों में अटैच (संलग्न) शिक्षकों और कर्मचारियों पर अब गाज गिरने वाली है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) और स्कूल शिक्षा मंत्री की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कबीरधाम ने एक कड़ा आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत अनुविभागीय अधिकारी (SDM/राजस्व), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और अन्य कार्यालयों में लंबे समय से जमे शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
अगर ये कर्मचारी अपनी मूल शाला में नहीं लौटते हैं, तो उनका माह जुलाई 2026 का वेतन रोक दिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कबीरधाम द्वारा जारी पत्र (क्रमांक/4713/स्था.02/संलग्नीकरण/कार्यमुक्त/2026) के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री जी की समीक्षा बैठक (दिनांक 23.06.2026) और लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) नवा रायपुर के निर्देशों का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की गई है।
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि:

Vsk ऐप पर हाजिरी अनिवार्य:
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशनुसार सभी शालाओं के कर्मचारियों को 16.06.2026 से अपनी उपस्थिति ऑनलाइन ‘वी.एस.के. एप’ (VSK App) में दर्ज करनी थी। वहीं, कार्यालयीन कर्मचारियों की उपस्थिति द्वारा दर्ज की जानी है।
उपस्थिति मानी जाएगी शून्य: यदि कोई कर्मचारी या शिक्षक इन प्रणालियों के माध्यम से अपनी हाजिरी दर्ज नहीं करता है, तो उसकी उपस्थिति शून्य मानी जाएगी और उनका वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।
DEO का सख्त निर्देश: तत्काल करें कार्यमुक्त
DEO कबीरधाम ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)/तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि उनके कार्यालयों या संस्थाओं में संलग्न (अटैच) शिक्षकों और कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना वाली संस्था के लिए तत्काल कार्यमुक्त करना सुनिश्चित करें।
चेतावनी: सभी संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को अपनी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण कर प्रतिदिन ऑनलाइन ऐप में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। ऐसा न करने पर यदि जुलाई 2026 का वेतन नहीं निकलता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित कर्मचारी की होगी।






