4 साल से आधार केंद्रों के चक्कर काट रहे थे 75 वर्षीय वासुदेव, बलरामपुर कलेक्टर के एक निर्देश ने बदल दी जिंदगी
कलेक्टर की पहल से 75 वर्षीय वृद्ध कृषक की वर्षों पुरानी समस्या हल, आधार अपडेट होने से खुले शासकीय योजनाओं के द्वार
रायपुर/बलरामपुर, 12 सितंबर 2026
पहचान का एक दस्तावेज किसी व्यक्ति के जीवन में कितना बड़ा संबल बन सकता है, इसका जीवंत उदाहरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम झलपी निवासी 75 वर्षीय वृद्ध कृषक वासुदेव गुप्ता हैं। बीते चार वर्षों से तकनीकी अड़चनों के कारण उनका आधार कार्ड अपडेट नहीं हो पा रहा था, जिससे वे कई महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं से वंचित थे। बलरामपुर-रामानुजगंज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की संवेदनशील पहल से अब उनकी यह समस्या दूर हो गई है।

चार साल के संघर्ष का अंत:
वासुदेव गुप्ता ने बीते चार वर्षों में क्षेत्र के लगभग सभी सेवा केंद्रों के चक्कर काटे और अंबिकापुर तक दौड़ लगाई, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों से उनका आवेदन निरस्त हो जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन और तकनीकी टीम (ई-डीएम, डीसी एवं एमटीओ) ने अड़चनों की गहराई से पड़ताल की और आपसी समन्वय से उनका आधार सफलतापूर्वक अपडेट कराकर उन्हें सौंप दिया।
योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ:
आधार अपडेट होते ही वृद्ध कृषक के लिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का मार्ग प्रशस्त हो गया है:
कृषि योजनाएं:
अब वे एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराकर सुगमता से धान विक्रय और अन्य कृषि-हितैषी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
सामाजिक सुरक्षा:
वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवायसी, बैंकिंग सेवाओं और कृषि ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की बाधाएं दूर हो गई हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसी भी पात्र हितग्राही को पहचान से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण अपने अधिकारों से वंचित न रहना पड़े






