
रायपुर: प्रवक्ता.कॉम 06 अगस्त 2026
राजधानी के गोवर्धन नगर भनपुरी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे परिजनों में भारी आक्रोश है। पीड़ित पक्ष द्वारा स्कूल के प्राचार्य पर भी मामले में लीपापोती करने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, गोवर्धन नगर भनपुरी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत छात्र विकाश निषाद के साथ स्कूल के ही एक शिक्षक ने 04 जून 2026 को बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में छात्र को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसकी हालत काफी बिगड़ गई। अचानक हुई इस घटना से सदमे में आए पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत स्कूल के प्राचार्य (Principal) से की।
प्राचार्य पर लगा दुर्व्यवहार और लीपापोती का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के बजाय, प्राचार्य ने न केवल मामले को दबाने की कोशिश की, बल्कि शिकायत करने पहुंचे परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। प्राचार्य की तरफ से कोई भी ठोस कदम या अनुशासनात्मक कार्रवाई न किए जाने के कारण आवेदक और पूरा परिवार बेहद परेशान है।
न्याय की गुहार सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत
शिकायत क्रमांक: CC260800136664
संबंधित विभाग: स्कूल शिक्षा विभाग / जिला प्रशासन
राजधानी रायपुर के गोवर्धन नगर भनपुरी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा क्रूरतापूर्वक मारपीट किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने CM हेल्पलाइन (शिकायत क्रमांक: CC260800136664) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
घटना के बाद से इलाके के नागरिकों और परिजनों में रोष व्याप्त है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही, दोषी शिक्षक और असहयोग करने वाले प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर छात्र को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में इस तरह की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





