शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने शिक्षक साझा मंच को दिया सबसे बड़ा आश्वासन कहा टीईटी अनिवार्यता की वजह ने नहीं जाएगी किसी भी शिक्षक की नौकरी मंत्री का पूरा बयान सुनिए
शिक्षा मंत्री के साथ वार्ता से संतुष्ट नजर आया शिक्षक साझा मंच, रविंद्र राठौर बोले- बातचीत बेहद सकारात्मक ,बेहतर परिणाम जरूर निकलेगा
रायपुर: प्रवक्ता.कॉम 26 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की टीईटी (TET) अनिवार्यता और सेवा सुरक्षा के मुद्दे पर चल रहे तनाव के बीच एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। आज प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के साथ शिक्षक संगठनों की उच्च स्तरीय वार्ता हुई, जिसे शिक्षक साझा मंच ने बेहद सकारात्मक बताया है।
सकारात्मक रही वार्ता, साझा मंच ने जारी किया वीडियो संदेश
शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय संचालक रविंद्र राठौर, विकास राजपूत और प्रदीप पाण्डेय ने एक संयुक्त वीडियो संदेश जारी कर बैठक के भीतर की पूरी जानकारी साझा की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार के साथ हुई यह चर्चा काफी सकारात्मक रही है और शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री का स्पष्ट आश्वासन- किसी शिक्षक की नौकरी पर नहीं आएगी आंच
वीडियो संदेश में नेताओं ने बताया कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया है कि टीईटी अनिवार्यता की वजह से किसी भी शिक्षक की नौकरी खतरे में नहीं आएगी और न ही किसी की नौकरी जाएगी। सरकार विधिक और राजनीतिक—दोनों ही स्तरों पर इस समस्या का ठोस समाधान निकालने के लिए पूरी तरह प्रयास कर रही है।
मध्य प्रदेश की तर्ज पर हो सकता है फैसला, जल्द होगी बड़ी घोषणा
गौरतलब है कि कल ही शिक्षा मंत्री ने विभागीय बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि छत्तीसगढ़ सरकार इस मामले में मध्य प्रदेश के परिप्रेक्ष्य को फॉलो करेगी।
संबंधित सूत्रों के अनुसार, शिक्षकों के लिए जल्द ही कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। रक्षाबंधन से पहले या उसके बाद विभागीय मंत्री मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा कर इस संबंध में शिक्षकों को राहत देने के लिए कोई बड़ा आधिकारिक आदेश या घोषणा कर सकते हैं। सरकार के इस रुख से प्रदेशभर के लाखों शिक्षकों ने राहत की सांस ली है।






