धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा: मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली बनेंगे पवित्र तीर्थ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा

भोपाल /रायपुर/प्रवक्ता डॉट कॉम/10 नवम्बर 2026
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश तेजी से एक महत्वपूर्ण राज्य बनकर उभर रहा है, जहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का सुनियोजित विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार की शाम वाराणसी में आयोजित ‘अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान यदुवंशी समाज और विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजकों ने स्मृति चिन्ह, पारंपरिक पगड़ी और गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।
कांजी हाऊस की जगह बनेंगी 10 हजार गायों वाली हाईटेक गौशालाएं – गौवंश संरक्षण को लेकर राज्य सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब पारंपरिक कांजी हाऊस के स्थान पर अत्याधुनिक और हाईटेक गौशालाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इनमें से प्रत्येक गौशाला में 10 हजार गायों की उचित देखभाल की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही राज्य में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए एक विशेष कार्य योजना लागू की गई है, जिसके तहत गौपालन करने वाले पशुपालकों को सरकार की ओर से सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि इस बार समाज और सरकार ने मिलकर समूचे मध्यप्रदेश में व्यापक स्तर पर प्रकृति पूजन के महापर्व गोवर्धन पूजा को उत्साहपूर्वक मनाया है।

भगवान श्रीकृष्ण थे लोकतंत्र के नायक: मुख्यमंत्रीअपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण को लोकतंत्र का सच्चा नायक बताया। उन्होंने कहा, “श्रीकृष्ण ने अपने पूरे जीवन में कभी सत्ताधीश बनने की चाह नहीं रखी। उनका जीवन हमें हमेशा धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने हर परिस्थिति में मुस्कुराकर जीने और अन्याय के विरुद्ध साहस के साथ लड़ने का संदेश दिया।” इस पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री ने काशी के ऐतिहासिक गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के अयोध्या में भव्य रूप से विराजमान होने के बाद, वह दिन दूर नहीं जब गोपाल कृष्ण भी मथुरा में मुस्कुराएंगे।
श्रद्धास्थलों के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन -काशी के नमो घाट पर आयोजित उत्सव में शामिल होकर नागरिकों से भेंट करते हुए मुख्यमंत्री ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों को पवित्र गीता की प्रति भेंट करना देश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री ने काशी के गंगाघाटों सहित देश के अनेक प्रमुख श्रद्धा स्थलों का कायाकल्प कर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नई ऊंचाई दी है, जिसके लिए वे अभिनंदन के पात्र हैं।इस भव्य कार्यक्रम में समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
समारोह को पूर्व सांसद डीपी यादव, उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, मंत्री दयाशंकर यादव, संयोजक गोपाल यादव और शिवनाथ यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कैप्टन योगेंद्र यादव, अशोक यादव और विनोद यादव सहित उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार और दिल्ली के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।





